रायपुर: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की प्रारंभिक परीक्षा 2024 के लिए जिला प्रशासन रायपुर द्वारा रविवार, 26 मई को एक मुफ्त मॉक टेस्ट का आयोजन किया जाएगा। इस मॉक टेस्ट में शामिल होने के लिए 485 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया है।
अभ्यर्थियों की संख्या को देखते हुए इसे दो पालियों में आयोजित किया जाएगा। जिला प्रशासन द्वारा युवाओं को वास्तविक परीक्षा का अनुभव प्रदान करने के लिए ऑफलाइन मोड में मॉक टेस्ट आयोजित किया जाएगा।
मॉक टेस्ट का प्रश्न पत्र हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में होगा। जिला प्रशासन द्वारा मॉक टेस्ट के बाद प्रश्नों के विस्तृत उत्तर भी प्रदान किए जाएंगे। इसके अलावा, प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों को आकर्षक पुरस्कार भी दिए जाएंगे।
जिला प्रशासन ने मॉक टेस्ट के आयोजन के लिए कालीबाड़ी स्थित जे.आर. दानी कन्या विद्यालय और चैबे कॉलोनी स्थित शासकीय मायाराम सुरजन विद्यालय का चयन किया है।
पहली पाली में सुबह 8 बजे से 10 बजे तक सामान्य अध्ययन और दूसरी पाली में सुबह 11 बजे से 1 बजे तक सी-सेट का टेस्ट होगा। परीक्षा में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों को सुबह 7.40 बजे तक उपस्थिति दर्ज करनी होगी।