गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के कई जिलों में अवैध क्लीनिकों के जरिए लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ का सिलसिला जारी है। ऐसे कई मामलों में झोलाछाप डॉक्टरों की लापरवाही के चलते मरीजों को गंभीर नुकसान उठाना पड़ा है। इसी क्रम में जिले के कई इलाकों में चल रहे अवैध क्लीनिकों पर आज एंटी-क्वेकरी टीम ने छापेमारी कर उन्हें सील कर दिया।
कार्रवाई के दौरान टीम ने गर्भपात में इस्तेमाल होने वाली प्रतिबंधित दवाइयां, एक्सपायर दवाएं और बिना वैधानिक दस्तावेज के संचालित हो रहे क्लीनिकों में भारी मात्रा में मेडिकल सामग्री बरामद की। इस अभियान का नेतृत्व डीएचओ लक्ष्मीकांत जांगड़े और क्लास वन मेडिकल ऑफिसर डॉ. अंकुश वर्मा ने किया। फिंगेश्वर ब्लॉक के भेण्डरी और कोसूमखूंटा में दो ऐसे क्लीनिक पाए गए जो बिना लाइसेंस के संचालित हो रहे थे और जिनमें एक शिक्षक द्वारा संचालित क्लिनिक में मरीजों का इलाज किया जा रहा था।
अवैध क्लिनिकों पर कार्रवाई के दौरान लचकेरा और रजनकटा में भी भारी मात्रा में एक्सपायरी और प्रतिबंधित दवाइयां पाई गईं। इस छापेमारी से झोलाछाप डॉक्टरों और अवैध क्लिनिक संचालकों के अलावा उन पर पर्दा डालने वाले जिम्मेदारों में भी हड़कंप मच गया है।