गरियाबंद। सुशासन तिहार शिविर के दौरान पेड़ गिरने से घायल हुए ग्रामीणों को आर्थिक सहायता और मुआवजा नहीं मिलने पर गरियाबंद ब्लॉक सरपंच संघ ने नाराजगी जताई है। संघ ने 3 जून को आमदी में आयोजित होने वाले सुशासन तिहार कार्यक्रम के बहिष्कार का फैसला किया है।

दरअसल, 27 मई को खरहरी में आयोजित शिविर के दौरान एक पेड़ गिरने से दो बच्चों सहित सात लोग घायल हो गए थे। पीड़ित परिवारों का आरोप है कि अब तक उन्हें कोई आर्थिक सहायता या मुआवजा नहीं मिला है और इलाज का खर्च भी वे स्वयं उठा रहे हैं।
मंगलवार को सरपंच संघ और पीड़ित परिवारों ने कलेक्टर से मुलाकात कर सहायता की मांग की, लेकिन संतोषजनक आश्वासन नहीं मिलने पर नाराजगी और बढ़ गई। सरपंच संघ का कहना है कि कार्यक्रम प्रशासन की देखरेख में आयोजित हुआ था, इसलिए घायलों की मदद की जिम्मेदारी भी प्रशासन की है।
वहीं प्रशासन का कहना है कि घायलों का इलाज स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं के तहत कराया जा रहा है और नियमानुसार पात्र सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। हालांकि सरपंच संघ ने फिलहाल अपने बहिष्कार के फैसले को बरकरार रखा है।