रायपुर। गरियाबंद जिले के मैनपुर क्षेत्र के सरनाबहाल स्थित धनेश्वर मेडिकल स्टोर पर औषधि विभाग ने कार्रवाई करते हुए उसे सील कर दिया है। मेडिकल स्टोर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विभाग ने मामले की जांच की थी।
वायरल वीडियो में एक व्यक्ति मेडिकल स्टोर के अंदर दवाइयां बेचने के साथ मरीज को इंजेक्शन लगाता दिखाई दे रहा था। वीडियो सामने आने के बाद औषधि विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
जांच के दौरान मेडिकल स्टोर में काम करने वाले धोबलेश्वर यादव से पूछताछ की गई। उसने दवा बेचने और मरीज को इंजेक्शन लगाने की बात स्वीकार की। विभाग ने इसे नियमों का उल्लंघन मानते हुए मेडिकल स्टोर को सील कर दिया।
मामले में मेडिकल स्टोर संचालक को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया है। नोटिस में बिना डिग्री वाले व्यक्ति से दवा बिक्री कराने के साथ मेडिकल स्टोर से लगे परिसर में क्लिनिक संचालित किए जाने को लेकर जवाब मांगा गया है।
औषधि विभाग अब पूरे मामले की रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजेगा। इसके बाद नियमों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।

