गेवरा, छत्तीसगढ़: गेवरा के शक्ति नगर स्थित बीकन इंग्लिश मीडियम स्कूल में एक हादसा होते-होते बच गया। स्कूल भवन की किचन की छत का प्लास्टर अचानक गिरने से स्कूल के प्राचार्य नूर मसीह घायल हो गए। गनीमत रही कि हादसे के समय स्कूल में बच्चे मौजूद नहीं थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह स्कूल में सीसीटीवी कैमरे लगाने का काम शुरू किया जाना था। इसके निरीक्षण के लिए प्राचार्य नूर मसीह किचन पहुंचे थे। जैसे ही वे किचन में दाखिल हुए, अचानक छत का प्लास्टर उनके ऊपर गिर गया। इस घटना में प्राचार्य घायल हो गए और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाना पड़ा।
बताया जा रहा है कि स्कूल भवन की हालत काफी जर्जर है। इसकी शिकायत पहले भी कई बार स्कूल प्रबंधन द्वारा की जा चुकी है। लेकिन, शिक्षा विभाग की ओर से इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया गया। इस घटना के बाद स्कूल के शिक्षकों और अभिभावकों में भारी रोष व्याप्त है।