रायपुर। अक्षय तृतीया के शुभ अवसर पर सोना-चांदी की कीमतों में आई गिरावट से रायपुर के सराफा बाजार में जबरदस्त रौनक देखी गई। सोने की कीमत 900 रुपए प्रति दस ग्राम और चांदी की कीमत 2650 रुपए प्रति किलो तक घटने से ग्राहकों ने जमकर खरीदारी की।
बीते दो दिनों से लगातार बढ़ रहे भावों में वैश्विक बाजारों के दबाव के चलते गिरावट दर्ज की गई। रायपुर के सराफा बाजार में स्टैंडर्ड 24 कैरेट सोना 98,100 रुपए, 22 कैरेट 90,100 रुपए और 20 कैरेट 82,500 रुपए प्रति दस ग्राम पर कारोबार करता रहा। वहीं चांदी की कीमत 2650 रुपए की गिरावट के साथ 97,500 रुपए प्रति किलो तक पहुंच गई।
सराफा कारोबारियों के अनुसार, इस बार अक्षय तृतीया पर वैवाहिक सीजन की खरीदी के साथ-साथ निवेश और स्टॉकिंग के लिए भी लोगों ने बड़ी मात्रा में सोना-चांदी खरीदा। खासकर गहनों के साथ-साथ बारीक डिजाइन वाले आभूषणों की मांग में भी अच्छी बढ़त देखी गई।
रायपुर सराफा एसोसिएशन से जुड़े सदस्यों का कहना है कि इस साल अक्षय तृतीया की ग्राहकी पिछले वर्षों की तुलना में अधिक रही, जिसमें गिरते भावों ने बड़ी भूमिका निभाई।