गौरेला-पेंड्रा-मरवाही।गौरेला ब्लॉक के धनौली में जन औषधि केंद्र के शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान उस समय विवाद हो गया, जब आमंत्रण पत्र में क्षेत्र क्रमांक-03 के जिला पंचायत सदस्य पवन पैकरा का नाम शामिल नहीं था। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचते ही पवन पैकरा ने नाराजगी जताई और अधिकारियों पर उपेक्षा का आरोप लगाया।
उनके साथ मौजूद समर्थकों ने भी नारेबाजी की।जिला पंचायत सीईओ मुकेश रावटे ने उन्हें मनाने का प्रयास किया, लेकिन पवन पैकरा जमीन पर बैठकर कार्यक्रम का बहिष्कार करते नजर आए। उन्होंने कहा कि जब चुने हुए जनप्रतिनिधियों को ही नजरअंदाज किया जा रहा है, तो उनकी भूमिका पर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इससे पहले मलनिया जलाशय बोटिंग शुभारंभ में भी उनकी अनदेखी हुई थी।
नाराज होकर पवन पैकरा ने मामले की शिकायत मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव से करने की बात कहते हुए कार्यक्रम स्थल छोड़ दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है।