रायपुर। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में विधायक एवं पूर्व मंत्री राजेश मूणत के नेतृत्व में विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में हजारों की संख्या में युवा, महिलाएं, भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक शामिल हुए। हाथों में तिरंगा और ‘भारत माता की जय’ व ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष से पूरा क्षेत्र राष्ट्रभक्ति से सराबोर रहा।
यात्रा पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम से शुरू होकर तात्यापारा, रामसागर पारा, तेलघानी नाका, अग्रसेन चौक, समता कॉलोनी, रामनगर, कबीर चौक सहित विभिन्न मार्गों से होते हुए भारत माता चौक, गुढ़ियारी पहुंची।
समापन अवसर पर 51 पंडितों ने गंगा आरती की तर्ज पर भारत माता की भव्य आरती की। इस दौरान वैदिक मंत्रोच्चार और शंखनाद के बीच हजारों लोगों ने तिरंगा लेकर आरती में सहभागिता की। इसके बाद लोकरंग अर्जुंदा के कलाकारों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने यात्रा को राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की अभिव्यक्ति बताया। विधायक राजेश मूणत ने आयोजन में शामिल नागरिकों, सामाजिक संगठनों और कार्यकर्ताओं का आभार जताया।


