रायपुर। राज्य कर विभाग (स्टेट जीएसटी) ने फर्जी बिलिंग और कर चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए राजनांदगांव की फर्म मैसर्स आदेश्वर ट्रेड लिंक के संचालक आदेश्वर चौरड़िया को गिरफ्तार किया है।
विभागीय जांच में करीब 76 करोड़ रुपये के संदिग्ध कागजी लेन-देन का खुलासा हुआ है। जांच के दौरान 8.22 करोड़ रुपये की इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) संदिग्ध पाई गई, जिसके जरिए शासन को राजस्व हानि पहुंचाने का प्रयास किया गया।
जांच में यह भी सामने आया कि फर्म ने पश्चिम बंगाल की संदिग्ध कंपनियों से बिना वास्तविक माल खरीदी के करोड़ों रुपये के बिल प्राप्त किए और फर्जी आईटीसी का लाभ लिया। अधिकांश आपूर्तिकर्ता फर्मों के जीएसटी पंजीयन निरस्त पाए गए हैं।
राज्य कर विभाग ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों एवं फर्मों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

