रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश टेनिस संघ के मानद सचिव गुरुचरण सिंह होरा ने ऑल इंडिया टेनिस एसोसिएशन (AITA) के आगामी चुनाव में महासचिव पद के लिए चुनाव लड़ने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि टेनिस उनके लिए सिर्फ खेल नहीं, बल्कि जिम्मेदारी और लंबे समय से जुड़ी प्रतिबद्धता है।
गुरुचरण सिंह होरा वर्तमान में AITA के संयुक्त सचिव और छत्तीसगढ़ राज्य टेनिस संघ के महासचिव हैं। वे लंबे समय से खेल प्रशासन से जुड़े हुए हैं और विभिन्न खेल संस्थाओं में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुके हैं।
उन्होंने डेविस कप, कॉमनवेल्थ गेम्स और विंबलडन जैसे बड़े अंतरराष्ट्रीय आयोजनों से जुड़े कार्यों में भी भूमिका निभाई है। छत्तीसगढ़ में टेनिस के विकास के लिए रायपुर में अंतरराष्ट्रीय टेनिस अकादमी की स्थापना में भी उनका योगदान रहा है।
होरा ने कहा कि यदि वे AITA के महासचिव चुने जाते हैं तो जमीनी स्तर पर टेनिस को मजबूत करने, जूनियर खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और अवसर उपलब्ध कराने के साथ भारतीय टेनिस के दीर्घकालिक विकास पर विशेष ध्यान देंगे।

