रायपुर। तारा कोल ब्लॉक और हसदेव अरण्य को लेकर छत्तीसगढ़ की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बयान पर भाजपा सांसद और प्रदेश के मुख्य प्रवक्ता संतोष पांडेय ने पलटवार करते हुए कांग्रेस पर राजनीतिक दोहरेपन का आरोप लगाया है।
संतोष पांडेय ने कहा कि हसदेव क्षेत्र से जुड़े फैसलों की पृष्ठभूमि कांग्रेस के नेतृत्व वाली तत्कालीन केंद्र सरकार के कार्यकाल में तैयार हुई थी। उन्होंने भूपेश बघेल से पुराने फैसलों और कांग्रेस सरकार के रुख को लेकर भी सवाल किए।
भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि सत्ता से बाहर होने के बाद कांग्रेस हसदेव और तारा कोल ब्लॉक के मुद्दे को राजनीतिक तौर पर उठा रही है। उन्होंने कहा कि तारा कोल ब्लॉक के मामले में नीलामी और खनन से पहले निर्धारित वैधानिक एवं पर्यावरणीय प्रक्रियाओं का पालन किया जाना जरूरी है।
हसदेव अरण्य और कोयला खनन को लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच पहले भी तीखी बयानबाजी होती रही है। ताजा बयानबाजी के बाद यह मुद्दा एक बार फिर प्रदेश की सियासत में चर्चा का केंद्र बन गया है।

