मुंगेली। स्वास्थ्य संयोजक कर्मचारी संघ ने मुंगेली जिला अध्यक्ष के निलंबन के विरोध में बड़े आंदोलन का ऐलान किया है। इसके तहत आज संभाग स्तरीय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) कार्यालय के घेराव की घोषणा की गई है।
संघ का कहना है कि मुंगेली के जिला बनने के बाद यह पहला मौका है, जब किसी प्रशासनिक कार्रवाई के खिलाफ इस स्तर पर संगठित और लोकतांत्रिक आंदोलन किया जा रहा है। आंदोलन में संभाग के सभी जिलाध्यक्ष, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में स्वास्थ्य संयोजक कर्मचारी शामिल होंगे।
संघ पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि जिला अध्यक्ष का निलंबन कर्मचारियों की आवाज दबाने की कोशिश है, जिसे किसी भी हाल में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि आंदोलन का उद्देश्य कर्मचारियों के सम्मान और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के साथ न्याय की बहाली है। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।