बिलासपुर के गोढ़ी गांव में आयोजित सुशासन तिहार समाधान शिविर में कांग्रेस नेता राजेंद्र शुक्ला और बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक के बीच तीखी बहस हो गई। राजेंद्र शुक्ला ने ग्रामीणों की पानी, बिजली, सड़क और खाद-बीज जैसी समस्याओं को लेकर अधिकारियों से सवाल किए और आरोप लगाया कि जवाब मांगने पर उनका माइक बंद कर दिया गया। इसके बाद उन्होंने समर्थकों और ग्रामीणों के साथ नारेबाजी करते हुए शिविर का बहिष्कार कर दिया।
वहीं विधायक धरमलाल कौशिक ने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य जनता की समस्याओं का समाधान करना है और शासकीय कार्य में व्यवधान उत्पन्न करना उचित नहीं है। दोनों नेताओं के बीच हुई नोकझोंक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

