Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

बजट सत्र में कांग्रेस और भाजपा आमने-सामने, भूपेश बघेल और अजय चंद्राकर में तीखी बहस

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के सातवें दिन बजट पर सामान्य चर्चा के दौरान कांग्रेस और भाजपा के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा सरकार पर तीखे हमले किए, तो वहीं भाजपा विधायकों अजय चंद्राकर और धर्मजीत सिंह ने कांग्रेस सरकार के कार्यकाल पर सवाल उठाए।

भाजपा ने कांग्रेस सरकार पर वित्तीय कुप्रबंधन का लगाया आरोप

भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने कांग्रेस सरकार पर वित्तीय कुप्रबंधन का आरोप लगाते हुए कहा कि चार साल तक वित्तीय घाटा तीन प्रतिशत से अधिक रहा और राजस्व प्राप्ति का अनुमान गलत निकला। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के आने के बाद वित्तीय स्थिति में सुधार हुआ है और केंद्र सरकार से पुरस्कार राशि भी मिली है।

उन्होंने कांग्रेस सरकार पर कोयला परिवहन प्रणाली को ऑनलाइन से ऑफलाइन करने का आरोप लगाया और कहा कि भाजपा सरकार ने इसे फिर से ऑनलाइन किया, जिससे राजस्व बढ़ा। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि कांग्रेस सरकार ने 18 लाख गरीबों को मकान क्यों नहीं दिए।

भूपेश बघेल का भाजपा पर पलटवार

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि पहली बार हस्तलिखित बजट पेश किया गया है, जिससे स्पष्ट है कि वित्त मंत्री को अपने ही विभाग पर भरोसा नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि बजट भाषण में तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार किसानों के मुद्दे पर राजनीति कर रही है। अगर किसानों को आज 3100 रुपये मिल रहे हैं, तो यह कांग्रेस सरकार के संघर्षों का परिणाम है। उन्होंने कोदो-कुटकी और मक्का उगाने वाले किसानों को राहत देने की बात भी दोहराई।

भूपेश बघेल ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के आने के बाद गौ-तस्करी बढ़ गई है और रायपुर में गौमांस बिक रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार की योजनाओं से किसानों और व्यापारियों को लाभ हुआ था, लेकिन अब हालात बदल चुके हैं।

धर्मजीत सिंह ने कांग्रेस पर साधा निशाना

भाजपा विधायक धर्मजीत सिंह ने कांग्रेस पार्टी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि पार्टी विधानसभा चुनाव, लोकसभा चुनाव और निकाय चुनाव में हार के बाद शांति की खोज में है। उन्होंने कांग्रेस के सहयोगियों पर भी सवाल उठाए और कहा कि कुछ नेता औरंगजेब का महिमामंडन कर रहे हैं और महाकुंभ को फालतू बता रहे हैं।

उन्होंने रामलला दर्शन योजना का जिक्र करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता को इस योजना का पूरा अधिकार है और विपक्ष को इससे आपत्ति नहीं होनी चाहिए।

महिलाओं को लेकर भाजपा का बड़ा दांव

धर्मजीत सिंह ने महतारी वंदन योजना को “अचूक बाण” करार देते हुए कहा कि यह योजना कांग्रेस को विपक्ष में बैठने पर मजबूर कर देगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं को एक हजार रुपये दिए जा रहे हैं और भविष्य में इसे बढ़ाया भी जा सकता है।

उन्होंने कांग्रेस सरकार पर बेरोजगारी भत्ते और शराबबंदी के वादे पूरे न करने का भी आरोप लगाया।

Exit mobile version