रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून सक्रिय बना हुआ है। पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश दर्ज की गई, जबकि बिलासपुर संभाग के कुछ क्षेत्रों में अत्यधिक वर्षा हुई। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ के कुछ जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
बारिश के आंकड़ों के अनुसार सारंगढ़ में सबसे अधिक 14 सेमी वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा लाल बहादुर नगर, सरायपाली, बड़े बचेली, कुसमी, चिरमिरी और डौंडीलोहारा समेत कई इलाकों में अच्छी बारिश हुई।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से अगले पांच दिनों तक प्रदेश में बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी। सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, कांकेर, धमतरी, रायपुर, दुर्ग, महासमुंद, गरियाबंद, रायगढ़ और आसपास के जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
राजधानी रायपुर में शनिवार को बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

