रायपुर। लंबे समय से फरार चल रहा हिस्ट्रीशीटर सूदखोर रोहित तोमर आज पूछताछ के लिए पुरानी बस्ती थाना पहुंचा। सुप्रीम कोर्ट ने रोहित तोमर की गिरफ्तारी पर रोक लगाई हुई है।
रोहित तोमर के खिलाफ राजधानी के तेलीबांधा, पुरानी बस्ती समेत विभिन्न थानों में 16 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें चाकूबाजी, मारपीट, हत्या का प्रयास, धमकी, धोखाधड़ी और ब्लैकमेलिंग जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं। इन मामलों में उसके बड़े भाई रूबी उर्फ वीरेंद्र तोमर को पिछले वर्ष 8 नवंबर को ग्वालियर से गिरफ्तार किया गया था।
अब तक रायपुर पुलिस रोहित तोमर को गिरफ्तार नहीं कर सकी थी। इसी बीच उसने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया, जहां से गिरफ्तारी पर रोक लगाते हुए न्यायालय ने पुलिस जांच में सहयोग करने के निर्देश दिए थे। इसी आदेश के तहत रोहित तोमर आज पूछताछ के लिए थाने में पेश हुआ।