बीजापुर में आईईडी ब्लास्ट, सुरक्षा बल के दो जवान घायल

बीजापुर।छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों के सर्च ऑपरेशन के दौरान आईईडी ब्लास्ट की घटना हुई है। इस विस्फोट में सुरक्षा बल के दो जवान घायल हो गए, जिन्हें बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया है।

जानकारी के मुताबिक, 14 दिसंबर को फरसेगढ़ थाना क्षेत्र के पिल्लूर–कांडलापरती इलाके में डीआरजी, एसटीएफ और कोबरा बल की संयुक्त टीम नक्सल विरोधी अभियान पर निकली थी। इसी दौरान रास्ते में पहले से लगाए गए आईईडी में विस्फोट हो गया, जिसकी चपेट में आने से कोबरा बल के दो जवानों को चोटें आईं।

घटना के बाद मौके पर मौजूद जवानों ने तुरंत घायलों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाकर प्राथमिक उपचार दिया। इसके बाद दोनों जवानों को रायपुर भेजा गया। फिलहाल दोनों की हालत स्थिर बताई जा रही है।

You May Also Like

More From Author