मध्यप्रदेश के खंडवा जिले में वन विभाग और लकड़ी तस्करों के बीच एक रोमांचक घटना सामने आई है। जंगलों में सागवान की अवैध कटाई करते हुए पकड़े गए 3 तस्करों ने वन विभाग की टीम पर लकड़ी फेंककर हमला कर दिया और भागने की कोशिश की। करीब 40 किलोमीटर का पीछा करने के बाद वन विभाग की टीम ने आरोपियों को धर दबोचा।
सूचना मिली, कार्रवाई हुई:
डीएफओ राकेश कुमार डामोर ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग खालवा के जंगलों में अवैध रूप से सागवान के पेड़ काट रहे हैं। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर कार्रवाई शुरू कर दी।
फिल्मी स्टाइल में 40 किलोमीटर का पीछा:
वन विभाग की टीम जब आरोपियों को पकड़ने गई तो उन्होंने लकड़ी से हमला कर दिया और भागने लगे। वन विभाग के अधिकारियों ने इनका पीछा किया। करीब 40 किलोमीटर तक चली इस रोमांचक पीछा के बाद आखिरकार वन विभाग की टीम ने आरोपियों को दबोच लिया।
इस घटना में वन विभाग ने करीब 2 लाख रुपये कीमत की सागवान लकड़ी जब्त की है। पकड़े गए तीनों आरोपियों पर कार्रवाई की जा रही है।
बताया जा रहा है कि पकड़े गए आरोपियों का गिरोह पहले भी वन विभाग द्वारा अवैध कटाई और लकड़ी तस्करी के मामलों में पकड़ा जा चुका है।

