गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM): छत्तीसगढ़ पुलिस ने अंतरराज्यीय शराब तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 लाख रुपये की शराब जब्त की है। मरवाही पुलिस ने गश्त के दौरान एक पिकअप वाहन से 181 पेटी विभिन्न ब्रांडों की बीयर और शराब जब्त की।
पुलिस के मुताबिक, आज सुबह 4-5 बजे के बीच मरवाही पुलिस गश्त कर रही थी। इस दौरान, चलचली रोड पर एक संदिग्ध सफेद रंग का पिकअप वाहन चालक पुलिस को देखकर अचानक कोटमी रोड की तरफ मुड़ने लगा। संदेह होने पर पुलिस टीम ने उसका पीछा किया।
अंधेरे का फायदा उठाकर चालक पिकअप वाहन खड़ा कर मौके से फरार हो गया। वाहन की तलाशी लेने पर पुलिस को मध्यप्रदेश की 181 पेटी शराब मिली, जिसमें लगभग 1400 लीटर ब्रांडेड अंग्रेजी शराब की बोतलें थीं।
जप्त की गई शराब में बोल्ट ब्रांड की बीयर, ब्लेंडर प्राइड, मैकडोनाल्ड, रॉयल स्टैग, बैगपाइपर और भारी मात्रा में गोवा ब्रांड की शराब शामिल है। वाहन में मिले कागजात एमपी और सरगुजा के बीच तस्करी के कनेक्शन की ओर इशारा करते हैं।
पुलिस का अनुमान है कि अंबिकापुर क्षेत्र का कोई बड़ा अंतरराज्यीय शराब तस्कर इस मामले में शामिल हो सकता है। फिलहाल पुलिस और सायबर टीम आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है।

