बलरामपुर। जिले में लगातार दूसरे दिन अवैध अफीम की खेती का मामला सामने आने से पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया है। ताजा मामला करोंधा थाना क्षेत्र के चंदाडांडी गांव का है, जहां एक खेत में अफीम की फसल होने की सूचना मिली है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की जांच शुरू कर दी।
खेत की सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने मौके पर निगरानी बढ़ा दी है और रातभर वहां डेरा डालकर पहरा दिया गया। टीम खेत और आसपास के क्षेत्र पर नजर बनाए हुए है ताकि किसी तरह के साक्ष्य से छेड़छाड़ न हो सके।
इससे एक दिन पहले कुसमी थाना क्षेत्र के त्रिपुरी गांव में करीब तीन एकड़ जमीन पर अवैध अफीम की खेती का मामला सामने आया था। लगातार दूसरी घटना के बाद पुलिस और प्रशासन अलर्ट हो गए हैं।
चंदाडांडी गांव झारखंड सीमा से लगा हुआ इलाका है, इसलिए सीमावर्ती क्षेत्रों में सर्चिंग अभियान तेज कर दिया गया है। आसपास के गांवों में भी जांच की जा रही है, ताकि अवैध खेती से जुड़े लोगों और नेटवर्क का पता लगाया जा सके। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

