बिलासपुर। जिले में एक बार फिर कथित धर्मांतरण का मामला सामने आया है। सरकंडा थाना क्षेत्र के सूर्या विहार में प्रार्थना सभा की आड़ में अवैध रूप से धर्म परिवर्तन कराने के आरोप में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह कार्रवाई हिंदू संगठन की शिकायत पर की गई है।
जानकारी के अनुसार, सरकंडा थाना क्षेत्र में जेम्स सिंह के निजी मकान में रविवार को करीब 16 लोगों को एकत्र कर प्रार्थना सभा आयोजित की जा रही थी। आरोप है कि इस दौरान प्रलोभन और भय दिखाकर हिंदू धर्म के लोगों को ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा था। मामले की सूचना मिलने पर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने पुलिस को अवगत कराया, जिसके बाद सरकंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बिना अनुमति निजी आवास को प्रार्थना भवन के रूप में संचालित किया जा रहा था। बजरंग दल बिलासपुर के जिला संयोजक गौरव धनकर ने लिखित शिकायत में आरोप लगाया कि निजी मकान में लोगों को बहला-फुसलाकर ईसा मसीह की प्रार्थना कराई जा रही थी और अवैध रूप से धर्म परिवर्तन कराया जा रहा था।
पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 299, 3(5) और छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम 1968 की धारा 3 के तहत अपराध दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।