रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए भारत और न्यूजीलैंड के बीच T20 मैच में इंडिया ने शानदार जीत दर्ज की है। टीम ने कीवियों को 7 विकेट से हराया। भारतीय टीम ने 209 रन के टारगेट को 15.2 ओवर में 3 विकेट पर हासिल कर लिया। इसी के साथ 5 मैचों की सीरीज में 2-0 की बढ़त भी बना ली। तीसरा मैच 25 जनवरी को गुवाहाटी में खेला जाएगा।
कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 37 बॉल पर नाबाद 82 रनों की नाबाद पारी खेली। जबकि ईशान किशन ने 32 बॉल पर 76 रन बनाए। दोनों के बीच 122 रन की साझेदारी हुई।
भारत की जीत के बाद फैंस में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। दर्शकों ने कहा कि पैसा वसूल, मजा आ गया। ओडिशा के राजेंद्र देव ने कहा कि हम टीम इंडिया को चीयर करने आए थे। हम हार्दिक की बैटिंग और अभिषेक शर्मा के चौके-छक्के देखना चाहते थे। वहीं मैच देखने अपने परिजनों के साथ बच्चे भी पहुंचे। बच्चों ने कहा कि हार्दिक पांडया से मिलने की चाहत है।