नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले के घने जंगलों से मानवता और साहस की मिसाल पेश करने वाली एक प्रेरणादायक घटना सामने आई है। यहां ITBP के जवानों और नारायणपुर पुलिस ने मिलकर एक गर्भवती महिला की जान बचाने के लिए कठिन परिस्थितियों में सफल रेस्क्यू ऑपरेशन को अंजाम दिया।
घटना इंद्रावती राष्ट्रीय उद्यान के अबूझमाड़ क्षेत्र के दूरस्थ गांव बोटेर की है, जहां एक गर्भवती महिला की अचानक तबीयत बिगड़ गई। इलाके की दुर्गम भौगोलिक स्थिति और सड़क सुविधाओं के अभाव के कारण उसे अस्पताल पहुंचाना बेहद चुनौतीपूर्ण था। हालात को देखते हुए ITBP की 29वीं बटालियन और स्थानीय पुलिस ने तुरंत संयुक्त अभियान शुरू किया।
जवानों ने अदम्य साहस और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए महिला को स्ट्रेचर पर कंधों के सहारे करीब 5 किलोमीटर तक घने जंगल, पहाड़ी रास्तों और कच्चे मार्ग से निकालकर सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद उसे ओरछा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में सुरक्षित प्रसव कराया गया।
राहत की बात यह रही कि इस पूरे अभियान के बाद मां और नवजात दोनों पूरी तरह स्वस्थ और सुरक्षित हैं।

