जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर में बाढ़ और अतिवृष्टि से प्रभावित किसानों एवं आम लोगों को राहत राशि नहीं मिलने का मुद्दा गरमा गया है। प्रभावितों को मुआवजा देने की मांग को लेकर कांग्रेस ने बुधवार को जगदलपुर में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आमागुड़ा चौक पर राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से बातचीत कर चक्काजाम समाप्त कराने की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे। इसके बाद पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए प्रदर्शनकारियों को राष्ट्रीय राजमार्ग से हटाया।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों और परिवारों को अब तक उचित मुआवजा एवं राहत राशि नहीं मिली है। पार्टी ने सरकार से प्रभावित किसानों को प्रति एकड़ 65 हजार रुपये मुआवजा देने की मांग की है। इसके अलावा आपदा प्रभावित परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ देने की भी मांग उठाई गई।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि प्रभावितों की मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

