Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

इंदौर हादसे के बाद जगदलपुर की जल आपूर्ति व्यवस्था पर सवाल

जगदलपुर। इंदौर में दूषित पानी से हुई मौतों के बाद देशभर में जल आपूर्ति व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है। छत्तीसगढ़ सरकार ने भी इस घटना को गंभीरता से लेते हुए सभी नगर निगमों को अलर्ट मोड पर रहने और पानी की गुणवत्ता की नियमित जांच के निर्देश दिए हैं। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने स्पष्ट किया है कि इस मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

हालांकि, इन निर्देशों के बीच जगदलपुर नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। पावर हाउस चौक स्थित फिल्टर प्लांट के सेटलींग टैंक की पिछले डेढ़ साल से सफाई नहीं की गई है, जबकि इसी प्लांट से इंद्रावती नदी का पानी शुद्ध कर शहर में सप्लाई किया जाता है। जगदलपुर के करीब 30 हजार घरों को पानी की आपूर्ति होती है, जिसमें लगभग 60 प्रतिशत निर्भरता इसी फिल्टर प्लांट पर है। ऐसे में टैंक की सफाई न होना लोगों की सेहत के लिए गंभीर खतरा माना जा रहा है।

इस मुद्दे पर विपक्ष ने निगम प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। कांग्रेस का कहना है कि इंदौर जैसी घटना के बाद भी कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। वहीं नगर निगम प्रशासन ने आरोपों को खारिज करते हुए दावा किया है कि वह पूरी तरह सतर्क है और शहरवासियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Exit mobile version