जगदलपुर। शहर में 24 अगस्त से 9 सितंबर तक अलग-अलग दिनों में जलापूर्ति प्रभावित रहेगी। नए जलशोधन संयंत्र की पाइपलाइन को मौजूदा जलापूर्ति व्यवस्था से जोड़ने के काम के चलते सुबह 10:30 बजे से शाम 5 बजे तक विभिन्न इलाकों में पानी की सप्लाई बंद रहेगी।
पहले चरण में 24 और 25 अगस्त को तेतरकुटी, एलआईसी, धरमपुरा, अघनपुर, महावीर नगर, तिलक नगर, गांधी नगर, गंगानगर और राजेंद्र नगर समेत आसपास के क्षेत्रों में पानी नहीं आएगा। इसके बाद 29-30 अगस्त, 2-3 सितंबर, 5-6 सितंबर और 8-9 सितंबर को अलग-अलग क्षेत्रों में जलापूर्ति प्रभावित होगी।
नगर निगम ने लोगों से निर्धारित तारीख से पहले पर्याप्त पानी जमा रखने की अपील की है। प्रभावित इलाकों में जरूरत के अनुसार टैंकरों से वैकल्पिक जलापूर्ति की व्यवस्था की जाएगी। पाइपलाइन कनेक्शन का काम पूरा होने के बाद अमृत योजना के तहत शहर की जलापूर्ति व्यवस्था को और बेहतर किया जा सकेगा।

