Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

झीराम घाटी बयान पर जेपी नड्डा के खिलाफ शिकायत खारिज

रायपुर। झीराम घाटी हत्याकांड को लेकर भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के बयान पर कांग्रेस नेता विकास तिवारी द्वारा की गई शिकायत को जांजगीर पुलिस ने खारिज कर दिया है। पुलिस ने बताया कि यह मामला पहले से ही न्यायालय में विचाराधीन है, इसलिए इस पर कोई नई कार्रवाई संभव नहीं है।

उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जांजगीर में आयोजित ‘जनादेश परब’ कार्यक्रम में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा शामिल हुए थे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने झीराम घाटी हत्याकांड का जिक्र करते हुए कहा था कि इस नक्सली हमले में कांग्रेस के ही कुछ अंदरूनी लोग शामिल थे, जिसके चलते कांग्रेस नेताओं की हत्या हुई।

जेपी नड्डा के इस बयान के बाद कांग्रेस नेता विकास तिवारी ने 1 जनवरी को जांजगीर थाना में ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें बयान का हवाला देते हुए वैधानिक कार्रवाई की मांग की गई थी।

जांजगीर पुलिस ने शिकायत को निरस्त करते हुए ऑनलाइन माध्यम से जानकारी दी कि शिकायत में उल्लिखित तथ्यों से संबंधित अपराध पहले ही बस्तर जिले के दरभा थाना में दर्ज किया जा चुका है। इस मामले की जांच केंद्रीय जांच एजेंसी द्वारा की गई है और फिलहाल यह प्रकरण न्यायालय में विचाराधीन है।

Exit mobile version