जांजगीर। जिले के महात्मा ज्योतिबा राव फुले उत्कृष्ट विद्यालय डोंगाकौहरौद के प्रभारी प्राचार्य कुंज किशोर को गंभीर आरोपों के चलते निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) द्वारा की गई है।
प्राचार्य पर आरोप था कि उन्होंने स्कूल के छात्र-छात्राओं को प्रैक्टिकल परीक्षा में 10 बोनस अंक देने का लालच देकर उनसे विद्यालय में रंगाई–पुताई का काम करवाया। साथ ही बोर्ड परीक्षा की फीस अधिक लेने और रसीद मांगने पर छात्रों को प्रैक्टिकल परीक्षा में नुकसान पहुंचाने की धमकी देने की शिकायत भी सामने आई थी।
इसके अलावा उनके खिलाफ एक वीडियो भी वायरल हुआ था, जिसमें वे छात्रों के सामने हिंदू देवी–देवताओं के बारे में अपमानजनक टिप्पणी करते हुए दिखाई दिए थे, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत होने की बात कही गई।
मामले की शिकायत मिलने के बाद कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने उन्हें प्राचार्य पद से अलग करते हुए जांच के आदेश दिए थे। जांच रिपोर्ट में आरोपों की पुष्टि होने के बाद कुंज किशोर को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया, लेकिन उनका जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया।
इसके बाद जिला प्रशासन के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी ने निलंबन का प्रस्ताव डीपीआई को भेजा। प्रस्ताव के आधार पर डीपीआई ऋतुराज रघुवंशी ने तत्काल प्रभाव से प्रभारी प्राचार्य कुंज किशोर को निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय, जांजगीर–चांपा निर्धारित किया गया है।