झलमला तालाब एसटीपी निर्माण में देरी पर पार्षद ने ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की

आरंग। नगर पालिका परिषद आरंग के ऐतिहासिक झलमला तालाब के संरक्षण में लापरवाही और अधूरे पड़े एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) निर्माण को लेकर विवाद गहरा गया है। जल कार्य विभाग के सभापति एवं वार्ड-03 के पार्षद नरेन्द्र कुमार लोधी ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को पत्र लिखकर ठेकेदार श्याम बिल्डकॉन बरमकेला के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

करीब ₹1.68 करोड़ की लागत से स्वीकृत इस परियोजना का कार्य मार्च 2025 तक पूरा होना था, लेकिन जुलाई 2026 तक निर्माण अधूरा और बंद पड़ा है। पार्षद का आरोप है कि देरी के कारण झलमला तालाब लगातार प्रदूषित हो रहा है और योजना का लाभ लोगों को नहीं मिल पा रहा है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अधूरे एसटीपी परिसर में सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने से असामाजिक तत्वों ने इसे शराबखोरी और जुआ खेलने का अड्डा बना लिया है, जिससे आसपास के रहवासियों को परेशानी हो रही है।

पार्षद नरेन्द्र कुमार लोधी ने ठेकेदार पर भारी पेनल्टी लगाने, भुगतान रोकने, ब्लैकलिस्ट करने और किसी नए ठेकेदार के माध्यम से एसटीपी निर्माण जल्द पूरा कराने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो जनहित में आंदोलन किया जाएगा।

You May Also Like

More From Author