रायपुर। झारखंड शराब घोटाले से जुड़े मामले में ACB झारखंड ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छत्तीसगढ़ के रायपुर और दुर्ग जिलों में एक साथ छापेमारी की है। जांच एजेंसी की इस कार्रवाई से शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, ACB की टीम रायपुर के अशोका रत्न क्षेत्र में स्थित शराब कारोबारी सौरभ केडिया के ठिकानों पर जांच कर रही है। वहीं दुर्ग जिले में भी कई शराब कारोबारियों के परिसरों पर तलाशी ली जा रही है। यह कार्रवाई झारखंड शराब घोटाले से जुड़े नेटवर्क और संदिग्ध आर्थिक लेन-देन की जांच के तहत की जा रही है।
गौरतलब है कि इससे पहले झारखंड ACB/EOW ने केडिया डिस्टिलरी के मालिक नवीन केडिया को गोवा से गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद टीम उसे ट्रांजिट रिमांड पर रांची लेकर गई। आरोप है कि झारखंड में देशी शराब की आपूर्ति नवीन केडिया द्वारा की जाती थी, जिससे राज्य सरकार को करीब 136 करोड़ रुपये के राजस्व का नुकसान हुआ।
जांच में यह भी सामने आया है कि नवीन केडिया की डिस्टिलरी से सप्लाई की गई प्रत्येक शराब कार्टन पर विनय चौबे और अरुणपति त्रिपाठी को 300 से 600 रुपये तक का कमीशन मिलता था।
बताया जा रहा है कि पूछताछ के लिए नोटिस मिलने के बावजूद नवीन केडिया ने एसीबी कोर्ट में अग्रिम जमानत की अर्जी दाखिल की थी, जिसे कोर्ट ने खारिज कर दिया। इसके बाद वह फरार हो गया था, जिसे बाद में गोवा से गिरफ्तार किया गया।

