रायपुर। झीरम घाटी हत्याकांड मामले में NIA कोर्ट के फैसले के बाद छत्तीसगढ़ की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कांग्रेस नेताओं के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन पर मामले को लेकर राजनीति करने का आरोप लगाया। इसके जवाब में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अरुण साव पर पलटवार किया।
अरुण साव ने कहा कि भूपेश बघेल लगातार यह कहते रहे कि झीरम का सच उनकी जेब में है, लेकिन जांच के दौरान ऐसा कोई तथ्य सामने नहीं आया। उन्होंने आरोप लगाया कि भूपेश बघेल इस मामले को लेकर राजनीति करते रहे।
इसके जवाब में भूपेश बघेल ने कहा कि कांग्रेस ने झीरम में अपने बड़े नेताओं को खोया है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने अपने परिवार के सदस्यों को नहीं खोया, वे इस दर्द को उसी तरह महसूस नहीं कर सकते।
झीरम मामले में पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता कवासी लखमा को लेकर उठ रहे सवालों पर अरुण साव ने कहा कि NIA ने मामले की विस्तृत जांच की है और बड़ी संख्या में लोगों के बयान दर्ज किए गए हैं। उनके अनुसार, जांच के दौरान सामने आए तथ्य चार्जशीट का हिस्सा हैं।
झीरम घाटी हत्याकांड में NIA कोर्ट के फैसले के बाद कांग्रेस और भाजपा नेताओं के बीच इस मामले को लेकर आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। दोनों पक्षों की ओर से फैसले और जांच को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

