कांकेर: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में एक अंतरराज्यीय गिरोह द्वारा नकली पोटाश खाद बेचे जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में राजस्थान के चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
क्या है पूरा मामला?
जुलाई महीने में पुलिस ने एक ट्रक से नकली खाद बरामद किया था। जांच में पता चला कि यह खाद राजस्थान के नावा सिटी स्थित जैन केम फूड फैक्ट्री में बनाई जा रही थी। इस फैक्ट्री के मालिक विनोद कुमार जैन, विनय कुमार जैन और उपकार जैन नमक को रंगकर पोटाश खाद के रूप में पैक कर रहे थे। शिवकृष्ण गुर्जर और ओमप्रकाश भदाना नाम के दो अन्य लोग इस फैक्ट्री में खाद के पैकेट पर इंडियन पोटास लिमिटेड हाईटैक बायोटैकनोलाजी लिखे हुए बोरों को पहुंचाते थे।
यह नकली खाद राजस्थान से छत्तीसगढ़ के अलावा अन्य राज्यों में भी बेची जा रही थी। गिरोह अपनी पार्टनरशिप फर्म ओपीएस किसान एग्रोकेयर प्रालि. के बिल से बिक्री कर नावा सिटी राजस्थान निवासी ट्रांसपोर्टर दौलत सिंह की ट्रक में लोडिंग कर विभिन्न राज्यों के विक्रेताओं को भेजते थे।
पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया
पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों विनोद कुमार जैन, विनय कुमार जैन, उपकार जैन और दौलत सिंह को राजस्थान से गिरफ्तार किया है। शिवकृष्ण गुर्जर और ओमप्रकाश भदाना अभी भी फरार हैं।

