रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से नया रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान कपिल देव ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कपिल देव का बेल मेटल की प्रतिकृति और ‘पुण्यभूमि छत्तीसगढ़’ कॉफी टेबल बुक भेंट कर स्वागत किया।
मुलाकात के दौरान प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने, आधुनिक खेल अधोसंरचना विकसित करने, अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को तैयार करने जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री साय ने राज्य में खेलों के प्रोत्साहन और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार के प्रयासों की जानकारी दी। वहीं कपिल देव ने छत्तीसगढ़ में हो रहे सकारात्मक बदलावों की सराहना करते हुए कहा कि यहां की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर अवसर मिलेंगे।

