Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

कर्रेगुट्टा में बड़ी सफलता के बाद अब नक्सलियों पर और शिकंजा कसने की तैयारी, 14 मई को डीजीपी करेंगे खुलासा

रायपुर। भारत-पाकिस्तान सीजफायर के बाद अब देश की आंतरिक सुरक्षा पर फोकस और मजबूत होता दिख रहा है। छत्तीसगढ़ में नक्सल सफाई अभियान को लेकर एक और बड़ा कदम उठाया जा रहा है। राज्य के पुलिस महानिदेशक (DGP) अरुण देव गौतम और सीआरपीएफ महानिदेशक (DG) जीपी सिंह 14 मई को दोपहर 3 बजे बीजापुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर नक्सल विरोधी अभियान की अब तक की प्रगति और आगे की रणनीति का खुलासा करेंगे।

कर्रेगुट्टा में ऑपरेशन की बड़ी कामयाबी
सुरक्षाबलों ने 25 अप्रैल को बीजापुर जिले के दुर्गम कर्रेगुट्टा पहाड़ी में नक्सलियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 20 से 22 नक्सलियों को ढेर कर दिया था। इस अभियान को सुरक्षाबलों के लिए अब तक की बड़ी सफलता माना जा रहा है। अभियान के दौरान मौके से नक्सलियों के शव बरामद हुए, जबकि कई माओवादी घने जंगलों का सहारा लेकर फरार हो गए।

नक्सलियों की भूमिगत गुफा का खुलासा
तलाशी के दौरान सुरक्षाबलों को एक बड़ी भूमिगत गुफा मिली, जो नक्सलियों के लिए रणनीतिक अड्डा थी। बताया जा रहा है कि इस गुफा में सैकड़ों लोग रह सकते थे और यहीं बैठकर वे अपनी गतिविधियों की योजना बनाते थे। कर्रेगुट्टा को अब सुरक्षाबलों ने लगभग नक्सल मुक्त क्षेत्र घोषित कर दिया है।

सीएम ने की थी समीक्षा बैठक
इससे पहले 7 मई को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गृह विभाग की समीक्षा बैठक में इस अभियान की प्रगति की जानकारी ली थी। बैठक में गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव मनोज पिंगुआ, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह और नक्सल ऑपरेशन के एडीजी विवेकानंद सिन्हा मौजूद थे।

अब निगाहें 14 मई की रणनीति पर
कर्रेगुट्टा में मिली इस बड़ी सफलता के बाद अब पूरे राज्य में नक्सलियों पर दबाव बढ़ाया जा रहा है। माना जा रहा है कि 14 मई को बीजापुर में होने वाली प्रेस कॉन्फ्रेंस में DGP और CRPF DG आगे के अभियान की दिशा, तकनीकी रणनीतियाँ और आगामी चुनौतियों को लेकर अहम जानकारी साझा करेंगे।

Exit mobile version