Cyber Crime: युवक ने किराए पर दिए 18 बैंक खाते, 1.5 करोड़ का ट्रांजैक्शन, आरोपी गिरफ्तार

कवर्धा। साइबर अपराध के बढ़ते मामलों के बीच कवर्धा पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक ऐसे व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जो खुद के नाम पर 16 बैंक खाते और माता-पिता के नाम पर 2 अतिरिक्त खाते खोलकर साइबर ठगों को किराए पर देता था। इन खातों का उपयोग ऑनलाइन ठगी में किया जाता था।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहन जायसवाल, निवासी पोड़ी चौकी, सुराजपुरा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, मोहन सोशल मीडिया के जरिए देशभर के साइबर अपराधियों से जुड़ा और उन्हें खाते उपलब्ध कराता था। इन खातों में ठगी से आए पैसे को वह 10 प्रतिशत कमीशन काटकर आगे के खातों में ट्रांसफर करता था।

पुलिस जांच में सामने आया है कि इन खातों के माध्यम से अब तक 1.5 करोड़ रुपए से अधिक का लेन-देन किया जा चुका है। पुलिस ने मोहन के पास से कई बैंकों की पासबुक, चेकबुक और दस्तावेज जब्त किए हैं।

एसपी धर्मेंद्र छवैया ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ देश के 8 अलग-अलग राज्यों में मामले दर्ज हैं। उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

You May Also Like

More From Author