कवर्धा। पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक कार से 4 किलो सोना बरामद किया है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 3 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। इस मामले में पुलिस ने दो सेल्समैन को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
गुप्त सूचना पर पुलिस की कार्रवाई
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध लोग भारी मात्रा में सोना बिना दस्तावेजों के ले जा रहे हैं। इस पर थाना कवर्धा पुलिस ने नाकाबंदी कर एक कार को रोका। कार में रायपुर के टिकरापारा निवासी उमाशंकर साहू और बैरन बाजार निवासी जावेद जिवानी सवार थे।
4 किलो सोने के आभूषण और नकदी बरामद
तलाशी के दौरान कार से सोने के आभूषणों में नेकलेस, अंगूठी, चूड़ी, एयर रिंग्स, मंगलसूत्र चैन, बिंदिया नथ आदि मिले, जिनका कुल वजन 4000.700 ग्राम था। इसके अलावा 8.40 लाख रुपये नगद और एक कार भी जब्त की गई।
बिल नहीं दिखा पाए सेल्समैन, जांच जारी
बरामद सोना रायपुर के एक बड़े सराफा व्यापारी का हो सकता है, जिसे कवर्धा के सराफा बाजार में बेचने लाया गया था। हालांकि, सेल्समैन अब तक कोई वैध दस्तावेज या जीएसटी बिल पेश नहीं कर पाए हैं, जिससे मामला संदिग्ध लग रहा है।
जीएसटी और आयकर विभाग को दी गई सूचना
पुलिस ने इस मामले में धारा 106 भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच के लिए आयकर विभाग व राज्य कर (GST) विभाग को भी सूचना दी है। पुलिस जांच कर रही है कि कहीं यह मामला अघोषित संपत्ति, कर चोरी या हवाला से तो जुड़ा नहीं है।
पुलिस अधिकारियों की टीम ने की कार्रवाई
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कबीरधाम धर्मेंद्र सिंह (IPS) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र बघेल एवं पंकज पटेल के मार्गदर्शन में तथा एसडीओपी कवर्धा कृष्ण कुमार चंद्राकर (DSP) के पर्यवेक्षण में संपन्न हुई।