Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

बस्तर विकास पर बड़ा प्लान, भूजल संकट और कांग्रेस पर केदार कश्यप का निशाना

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के दिल्ली दौरे को लेकर मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को बस्तर विकास का विस्तृत ब्लूप्रिंट सौंपा है, जिसका आने वाले समय में बस्तर और पूरे छत्तीसगढ़ के विकास पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। सरकार का उद्देश्य क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं और बुनियादी ढांचे को मजबूत करना है। उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा बस्तर जैसे क्षेत्रों में विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाएगी।

भूजल स्तर में गिरावट पर कश्यप ने कहा कि अत्यधिक दोहन के कारण यह स्थिति बन रही है। इसे रोकने के लिए सरकार प्रयासरत है और गर्मी के मौसम में भूजल उपयोग को सीमित करने के लिए कई जगह प्रतिबंध भी लगाए गए हैं, जिसमें किसानों का सहयोग मिल रहा है।

कांग्रेस की प्रस्तावित बैठक पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी लंबे समय से आंतरिक समस्याओं से जूझ रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि कांग्रेस पहले अपने अंदरूनी मतभेद सुलझाए, फिर जनता के बीच जाए। साथ ही उन्होंने कांग्रेस से यह भी सवाल किया कि लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए क्या ठोस योजनाएं बनाई।

नक्सलमुक्त पंचायतों को एक करोड़ रुपये देने की योजना पर कश्यप ने कहा कि यह प्रावधान पंचायतों को प्रोत्साहित करने के लिए किया गया है। कई पंचायतों को इसके लिए सूचीबद्ध किया गया है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार लगातार बस्तर क्षेत्र के विकास के लिए प्रयास कर रही हैं और आने वाले समय में बस्तर को सबसे समृद्ध संभाग के रूप में विकसित किया जाएगा।

Exit mobile version