खैरागढ़: छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ जिले में एक बार फिर एसीबी ने बड़ी कार्रवाई की है। एंटी करप्शन ब्यूरो ने प्रकाशपुर के पटवारी विवेक परघनिया को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पटवारी को खैरागढ़ के व्यवहार न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है। यह कार्रवाई एक किसान की शिकायत पर की गई है।
जानकारी के अनुसार, खैरागढ़ जिले के प्रकाशपुर हल्का नंबर 11 में पदस्थ पटवारी विवेक परघनिया टोलागांव के किसान किशोर दास साहू से जमीनी कागजात में सुधार के नाम पर रिश्वत मांग रहा था। कई दिनों से किसान पटवारी का चक्कर लगा रहा था। लेकिन काम नहीं होने पर किसान ने एसीबी में शिकायत कर दी।
शिकायत की जांच के बाद आज सुबह एसीबी की 8 सदस्यीय टीम प्रकाशपुर पहुंची। जहां पटवारी को 4 हजार रुपए के साथ रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया। बताया जा रहा है कि पटवारी राजनांदगांव के ममता नगर का रहने वाला है। उसके खिलाफ पर्याप्त सबूत के आधार पर एसीबी ने कार्रवाई की है। पटवारी को खैरागढ़ के व्यवहार न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

