रायपुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के मुख्यालय अंबिकापुर में 28 मार्च से ‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026’ के तहत कुश्ती प्रतियोगिता का भव्य आगाज होने जा रहा है। गांधी स्टेडियम में आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर से आए जनजातीय खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
इस प्रतियोगिता में जम्मू-कश्मीर, मध्यप्रदेश, झारखंड, असम, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, हिमाचल प्रदेश, मेघालय, गुजरात, ओडिशा, मिजोरम, बिहार, अरुणाचल प्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र सहित मेजबान छत्तीसगढ़ के कुल 144 पुरुष और महिला पहलवान हिस्सा ले रहे हैं। यह आयोजन जनजातीय खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर मंच उपलब्ध कराने की दिशा में एक अहम पहल माना जा रहा है।
चार दिनों तक चलने वाली यह प्रतियोगिता 28 से 31 मार्च तक आयोजित की जाएगी। मुकाबले प्रतिदिन तीन चरणों में होंगे—पहला चरण सुबह 8:00 से 9:00 बजे तक, दूसरा चरण सुबह 11:00 से दोपहर 2:00 बजे तक और तीसरा चरण शाम 4:00 बजे से खेल समाप्ति तक चलेगा।
इस खेल आयोजन का सीधा प्रसारण डीडी स्पोर्ट्स और प्रसार भारती के माध्यम से किया जाएगा, जिससे देश-विदेश के दर्शक भी इसका आनंद ले सकेंगे।
खेल विभाग द्वारा खिलाड़ियों के ठहरने, भोजन, चिकित्सा और सुरक्षा के समुचित इंतजाम किए गए हैं। सरगुजा जिला इस आयोजन के लिए पूरी तरह तैयार है और अपनी समृद्ध जनजातीय संस्कृति के साथ खिलाड़ियों के स्वागत को उत्साहित है।