भिलाई में शिक्षिका के अपहरण की साजिश नाकाम, ऑटो ड्राइवर 5 घंटे में गिरफ्तार

भिलाईनगर। शिक्षिका का अपहरण कर 5 लाख रुपए की फिरौती वसूलने की योजना बनाने वाले ऑटो ड्राइवर को पुलिस ने मात्र 5 घंटे में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने गरीबी और कर्ज का बहाना बनाकर झूठी कहानी रची और शिक्षिका की सहानुभूति का गलत फायदा उठाया।

एएसपी अभिषेक झा ने बताया कि 28 नवंबर की सुबह प्रार्थी ने थाना छावनी में रिपोर्ट दर्ज कराई। प्रार्थी के अनुसार, उसकी पत्नी के मोबाइल से एक अज्ञात व्यक्ति ने कॉल कर बताया कि शिक्षिका का अपहरण कर लिया गया है और उन्हें रिहा करने के लिए 5 लाख रुपए की मांग की गई है। रिपोर्ट के आधार पर थाना छावनी में धारा 140(2), 127(8), 308(5) बीएनएस तथा आईटी एक्ट की धारा 66-डी के तहत अपराध दर्ज किया गया। इसके बाद एसीसीयू, थाना छावनी और अन्य टीमों को तुरंत सक्रिय कर तकनीकी व मुखबिर तंत्र के माध्यम से जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने स्नेह संपदा स्कूल में बच्चों को लाने-ले जाने वाले ऑटो चालक इंतखाब आलम (42 वर्ष), निवासी सुभाष चौक, केम्प-1 से पूछताछ की। पूछताछ में उसने कबूल किया कि पिछले 2-3 वर्षों से वह शिक्षिका को स्कूल के बच्चों के साथ लाने-ले जाने का काम करता था। इस दौरान उसने अपनी गरीबी और कर्ज का हवाला देकर शिक्षिका की सहानुभूति हासिल कर ली थी, जिसके चलते शिक्षिका उसे समय-समय पर मदद भी करती थीं।

घटना के दिन आरोपी ने शिक्षिका के अपहरण की फर्ज़ी धमकी देकर उनके पति से 5 लाख रुपए ऐंठने की योजना बनाई और रकम न देने पर नुकसान पहुंचाने की धमकी भी दी। लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई से आरोपी कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया गया।

You May Also Like

More From Author