Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

कोरबा-रायपुर लकड़ी तस्करी का खुलासा, 20 घन मीटर साल लकड़ी जब्त, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

कोरबा। वन मंडल कोरबा ने लकड़ी तस्करी के एक बड़े अंतर-जिला नेटवर्क का खुलासा करते हुए रायपुर के अभनपुर स्थित एक आरा मिल से करीब 20 घन मीटर बेशकीमती साल लकड़ी बरामद की है। मामले में कुख्यात तस्कर सुनील कुमार गुप्ता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि आरा मिल संचालक के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

वन विभाग के अनुसार, आरोपी ने कोरबा से अवैध रूप से साल लकड़ी का परिवहन कर उसे अभनपुर की आरा मिल में बेच दिया था। मुखबिर से सूचना मिलने पर विभाग ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में उसने अधिकारियों को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से पूछताछ के बाद उसने लकड़ी अभनपुर में बेचने की बात स्वीकार कर ली।

इसके बाद कोरबा और रायपुर वन विभाग की संयुक्त टीम ने आरा मिल में छापेमारी कर करीब 20 घन मीटर साल लकड़ी, एक ट्रैक्टर, क्रेन और अन्य वाहनों को जब्त कर लिया। बड़ी मात्रा में अवैध वनोपज मिलने पर आरा मिल को भी सील कर दिया गया। जब्त लकड़ी को वापस कोरबा के कसनिया डिपो में सुरक्षित रखा गया है।

वन विभाग ने आरोपी सुनील कुमार गुप्ता को पुलिस के हवाले कर उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) और 316(5) के तहत मामला दर्ज कराया। न्यायालय ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। विभाग का कहना है कि पूरे तस्करी नेटवर्क की जांच जारी है और अन्य आरोपियों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।

Exit mobile version