रायपुर। राजधानी रायपुर की यातायात व्यवस्था में सुधार की दिशा में बड़ा फैसला लिया गया है। रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने घोषणा की है कि जून 2026 से कुम्हारी टोल प्लाजा पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा। इससे रायपुर, दुर्ग-भिलाई और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को जाम की समस्या से राहत मिलेगी।
गुरुवार को एनएचएआई, लोक निर्माण विभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों के साथ हुई समीक्षा बैठक के बाद यह निर्णय लिया गया। सांसद ने बताया कि दुर्ग-आरंग बायपास शुरू होते ही टोल प्लाजा बंद कर दिया जाएगा और मार्च 2026 के बाद किसी नए टोल टेंडर को मंजूरी नहीं दी जाएगी।
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि अक्टूबर 2026 से भारतमाला एक्सप्रेस-वे के शुरू होने पर रायपुर को आधुनिक एक्सप्रेस-वे कनेक्टिविटी मिलेगी। इसके साथ ही राजधानी में चल रही सड़क, ओवरब्रिज, अंडरपास और एलिवेटेड रोड परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए।
सांसद अग्रवाल ने कहा कि ट्रैफिक जाम से स्थायी राहत के लिए केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय से योजनाएं लागू की जाएंगी।

