दुर्ग। छत्तीसगढ़ में भूमि की सरकारी दरों, स्टांप ड्यूटी और रजिस्ट्रेशन शुल्क में की गई बड़ी बढ़ोतरी का विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। आज चरोदा-भिलाई थ्री के जमीन कारोबारियों ने एकजुट होकर इन बढ़ी हुई दरों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। खास बात यह रही कि इस विरोध में कांग्रेस समर्थकों के साथ-साथ भाजपा के कार्यकर्ता भी शामिल हुए।
प्रदर्शन में शामिल भाजपा नेताओं का कहना था कि उनकी राजनीतिक निष्ठा अपनी जगह है, लेकिन आम जनता से जुड़े किसी भी गलत निर्णय के खिलाफ वे भी आवाज उठाएंगे। दूसरी ओर, भूमि कारोबारियों ने आज अपने सभी काम बंद रखे और पालिका बाजार के सामने धरना देकर अपना रोष जताया।
इस प्रदर्शन को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के भतीजे सुजीत बघेल, भाजपा नेता संतोष अग्रवाल सहित कई सामाजिक-पार्टी नेताओं ने समर्थन दिया। धरना खत्म होने के बाद सभी प्रदर्शनकारी पैदल मार्च करते हुए तहसील कार्यालय पहुंचे और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नाम ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि आने वाले दो से तीन दिनों में सरकारी दरें कम नहीं की गईं, तो वे चरणबद्ध तरीके से आंदोलन को और तेज करेंगे।