गरियाबंद। उदंती–सीतानदी टाइगर रिजर्व के तौरेंगा वन परिक्षेत्र में शिकारियों के जाल में फंसा एक तेंदुआ गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू कर तेंदुए को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
जानकारी के अनुसार ग्राम कोकोड़ी के पास बस्ती के करीब तेंदुआ झाड़ियों में छिपा हुआ था। ड्रोन से जांच में उसके गले में गहरा घाव पाया गया। अंधेरा होने से पहले एसडीओ गोपाल कश्यप ने जोखिम उठाकर तेंदुए को काबू किया और गजराज वाहन के पिंजरे में सुरक्षित रखा गया।
डॉक्टरों की टीम ने रात में तेंदुए को बेहोश कर गले में फंसे दो तार वाले फंदे निकाले और इलाज किया। तेंदुआ करीब 7 दिन से फंदे में फंसा था। सुबह उसे जंगल सफारी अस्पताल लाया गया, जहां उसकी हालत स्थिर है। स्वस्थ होने पर उसे जंगल में छोड़ा जाएगा।
वन विभाग ने अज्ञात शिकारियों की तलाश शुरू कर दी है। आरोपियों की जानकारी देने पर 5,000 से 10,000 रुपये तक का गोपनीय इनाम घोषित किया गया है।

