कांग्रेस नेता के फार्म हाउस से 500 पेटी शराब जब्त, नगरीय निकाय चुनाव में बांटने की थी योजना

दुर्ग। दुर्ग पुलिस और आबकारी विभाग ने संयुक्त कार्रवाई में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष महेंद्र वर्मा के फार्म हाउस से 500 पेटी शराब जब्त की है। यह शराब नगरीय निकाय चुनाव में बांटने के लिए जमा की गई थी।

जानकारी के अनुसार, पाटन विधानसभा क्षेत्र के ग्राम फुंडा स्थित महेंद्र वर्मा के फार्म हाउस में बड़ी मात्रा में शराब रखे होने की सूचना मिली थी। पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने रात को छापेमारी कर शराब को जब्त किया। मौके पर तीन थानों के प्रभारी और अतिरिक्त एसपी भी मौजूद थे।

पुलिस ने बताया कि मध्य प्रदेश निर्मित शराब को आयशर माजदा गाड़ी में लोड कर पाटन लाया गया था। इस मामले में ड्राइवर आजम खान सहित 6 लोगों को हिरासत में लिया गया है, जिनमें मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले के ग्राम ओझर निवासी संतोष मानकर, कुम्हारी निवासी संदीप सोनी, आकाश अग्रवाल, हेमंत राय यादव और जजंगिरी निवासी तुलेश साहू शामिल हैं।

सूत्रों के अनुसार, शराब को टमाटर की फसलों के बीच छिपाने की योजना बनाई गई थी। पैकिंग फोम के बीच में छिपाकर इसे छत्तीसगढ़ लाया गया था, लेकिन पुलिस को इसकी भनक लग गई और उन्होंने दबिश देकर 500 पेटी शराब जब्त कर ली। मामले में पुलिस महेंद्र वर्मा और उनके पिता भीखम वर्मा से भी पूछताछ करने की तैयारी कर रही है।

You May Also Like

More From Author