Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

पुलिस की कार से शराब तस्करी : दो आरोपी गिरफ्तार, 10 पेटी शराब जब्त

बिलासपुर के सकरी थाने में पदस्थ आरक्षक नीलकमल राजपूत अपनी लक्जरी कार से देसी शराब की तस्करी करा रहा था। मोपका पुलिस को इसकी सूचना मिलने पर उन्होंने दो लोगों को गिरफ्तार किया और कार से 10 पेटी देसी शराब, खाकी वर्दी, एक प्लास्टिक केन, लाठी, खाकी रंग का बॉडीगार्ड कपड़ा, आरक्षक के नाम की बैंक पासबुक, उसका आईडी कार्ड जब्त किया।

सोमवार की देर रात पुलिस ने मोपका चौक पर घेराबंदी की और मुखबिर के बताए अनुसार चिल्हाटी मोड़ की ओर से आ रही रेनाल्ट कार को रोका। कार में बलराम यादव और नवीन बोले उर्फ भज्जी थे। कार की तलाशी लेने पर पांच बोरियों में 480 पाव देसी शराब का जखीरा मिला। थाने में पूछताछ में नवीन ने बताया कि वह सकरी थाने में पदस्थ आरक्षक नीलकमल राजपूत के कहने पर शराब लेकर आ रहा था।

इस घटना की भनक लगते ही आरक्षक नीलकमल राजपूत पेट्रोलिंग वाहन को छोड़कर फरार हो गया। पुलिस की टीम उसकी तलाश कर रही है और उसके मुंगेली स्थित घर पर भी रेड की गई, लेकिन वह वहां नहीं मिला। पुलिस ने पकड़े गए ड्राइवर और शराब तस्करी से जुड़े दो लोगों को गिरफ्तार कर आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की है।

कार की बारीकी से तलाशी लेने पर पुलिस की वर्दी, प्लास्टिक का केन, पुलिस प्लेट, आरक्षक का बैंक खाता, चेकबुक, आइकार्ड, डेबिट कार्ड, गैस कार्ड और एसपी के नाम पर तखतपुर थाने से सकरी स्थानांतरित करने के लिए लिखा आवेदन मिला। पुलिस ने इन सभी चीजों को जब्त कर लिया है।

Exit mobile version