रायपुर। मिडिल ईस्ट में चल रहे युद्ध के तनाव का असर अब भारत में भी दिखाई देने लगा है और इसका प्रभाव सीधे रसोई तक पहुंच गया है। वैश्विक स्तर पर तेल आपूर्ति प्रभावित होने के कारण देश में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 60 रुपए और कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में 114 रुपए की बढ़ोतरी की गई है।
इसी बीच छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों को आश्वस्त करते हुए कहा है कि गैस की उपलब्धता को लेकर घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा कर बताया कि राज्य में एलपीजी, पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार मौजूद है और आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है।
मुख्यमंत्री ने सभी जिलों के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि रसोई गैस की सुचारु आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, स्टॉक की नियमित निगरानी की जाए और कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और जरूरत के अनुसार ही गैस की बुकिंग करें। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रदेश के किसी भी नागरिक को गैस की कमी के कारण परेशानी न हो और हर घर तक इसकी नियमित आपूर्ति बनी रहे।
मुख्यमंत्री के इस संदेश से प्रदेशवासियों को राहत मिली है और गैस की उपलब्धता को लेकर लोगों की चिंता काफी हद तक कम हुई है।