रायपुर। भारत माता चौक, गुढ़ियारी, रायपुर में राष्ट्र सेविका समिति द्वारा माँ भारती की मान वंदना का भव्य आयोजन किया गया। 90 वर्षों की सेवा यात्रा की ओर अग्रसर समिति की कन्याओं ने भारत के मान-सम्मान की रक्षा एवं देश की निरंतर उन्नति का संकल्प लेते हुए विधिवत पूजन-अर्चन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रांत कार्यवाहिका माननीया प्राजक्ता देशमुख जी एवं प्रांत सह कार्यवाहिका माननीया अजीता गनोदवाले जी ने भारत माता की प्रतिमा पर पुष्पार्चन कर किया।
प्रस्तावना में प्रांत संपर्क प्रमुख माननीया मीना नशीने जी ने राष्ट्र सेविका समिति को सेवा, संस्कार, राष्ट्रप्रेम और सांस्कृतिक चेतना की अविरल धारा बताया तथा वैदिक काल से वाद्य यंत्रों के महत्व पर प्रकाश डाला।
मुख्य अतिथि लोक गायिका माननीया किरण शर्मा जी ने घोषवादिका बहनों की साधना की सराहना करते हुए समाज से ऐसे राष्ट्रकार्य में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया।
घोषवादिकाओं ने शिवरंजनी, प्रभात, शिव वंदना सहित विभिन्न रचनाओं का सुमधुर वादन किया। “तेरा वैभव अमर रहे माँ” के जयघोष के साथ 90 वादिकाओं ने माँ भारती के चरणों में भावपूर्ण स्वरांजलि अर्पित की।