Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

बालोद में पागल कुत्ते का आतंक: दो दिन में 20 लोग घायल, गांवों में दहशत

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के कई गांवों में एक पागल कुत्ते का आतंक लगातार बना हुआ है। पिछले दो दिनों के भीतर कुत्ते ने करीब 20 लोगों को काटकर घायल कर दिया है। ताजा घटना में कुत्ते ने सरपंच समेत 9 लोगों पर हमला किया, जबकि इससे एक दिन पहले 11 लोग कुत्ते के हमले का शिकार हुए थे। लगातार हो रहे हमलों से ग्रामीणों में भारी दहशत फैल गई है।

कुत्ते के हमले का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें वह एक बुजुर्ग पर झपट्टा मारते हुए दिखाई देता है। बुजुर्ग ने साहस दिखाते हुए लाठी से कुत्ते को खदेड़ दिया, जिससे उनकी जान बच गई। ग्रामीणों के मुताबिक कुत्ता अचानक लोगों पर हमला कर रहा है, जिससे स्थिति बेहद भयावह हो गई है। कई गांवों में लोग लाठी-डंडे लेकर कुत्ते को मारने या भगाने के लिए पहरा देते नजर आ रहे हैं। बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं में घर से बाहर निकलने का डर साफ देखा जा रहा है।

जानकारी के अनुसार नारागांव, नर्रा, बरही, कन्नेवाड़ा, करहीभदर, मुजगहन, सोरर सहित आसपास के अन्य गांव भी कुत्ते के आतंक से प्रभावित हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन और पशु चिकित्सा विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग की है, ताकि कुत्ते को पकड़ा जा सके और किसी बड़ी घटना से बचाव हो सके। कुत्ते के हमले में घायल लोगों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है और सभी को एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगाए जा रहे हैं।

हालांकि अब तक प्रशासन की ओर से कुत्ते को पकड़ने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए जाने से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

Exit mobile version