महादेव बेटिंग ऐप केस: ED ने स्पोर्ट्स एंकर शेफाली बग्गा से रायपुर में की पूछताछ

रायपुर। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप मामले की जांच के सिलसिले में टीवी होस्ट और स्पोर्ट्स एंकर शेफाली बग्गा से रायपुर स्थित अपने जोनल कार्यालय में पूछताछ की। जांच एजेंसी को संदेह है कि उनका संबंध मामले के प्रमुख आरोपी खंजन जगदीश कुमार ठक्कर से रहा है।

ईडी के मुताबिक, खंजन ठक्कर महादेव ऑनलाइन बुक नेटवर्क का कथित हवाला ऑपरेटर है, जो भारत में इससे जुड़े वित्तीय लेन-देन का संचालन करता था। एजेंसी को शक है कि शेफाली बग्गा दुबई और लंदन से संचालित बेटिंग ऐप्स के प्रचार-प्रसार से भी जुड़ी रही हैं।

जांच के दौरान ईडी को कुछ डिजिटल साक्ष्य और प्रमोशनल सामग्री मिली है, जिनमें कथित तौर पर शेफाली बग्गा बेटिंग ऐप्स का प्रचार करती और खिलाड़ियों को टिप्स देती दिखाई गई हैं। इसके अलावा, उनका टेलीग्राम चैनल भी जांच के दायरे में है, जहां गैरकानूनी बेटिंग से जुड़े प्रमोशनल कंटेंट होने का दावा किया गया है।

फिलहाल, ईडी मामले की जांच जारी रखे हुए है और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

You May Also Like

More From Author